वर्ष प्रतिपदा पर अनुशासन का प्रदर्शन, शहर की सड़कों पर उतरे स्वयंसेवक

Share

मीरजापुर, 29 मार्च । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)के चुनार जिले की ओर से वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर रविवार को भव्य पथ संचलन निकाला गया। खाकी निकर, सफेद शर्ट और दंड लिए स्वयंसेवकों का अनुशासित कदमताल नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

पथ संचलन चकईपुर मोहाना स्थित परेड ग्राउंड से शुरू होकर कोतवाली चौराहा, मोहाना, सद्दुपुर, चौक बाजार, सराफा बाजार, भरपुर होते हुए टेकौर स्थित गौरव पैलेस पर संपन्न हुआ। रास्ते भर जगह-जगह लोगों ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया और अनुशासन की इस झलक को सराहा।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता संतोष (प्रांत शारीरिक प्रमुख, काशी प्रांत) ने कहा कि संघ की स्थापना को 101 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह संगठन अब अपनी छठी पीढ़ी में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने कार्य, उद्देश्य और भूमिका को समझने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभ में संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाना था, जो समय के साथ व्यापक रूप लेता गया। आज संघ देश के मंडल स्तर तक पहुंच चुका है और अनेक अनुषांगिक संगठनों के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. एसके सिंह ने की, जबकि संचालन जिला कार्यवाह अमित ने किया। इस दौरान जिला संघचालक गौतम, नगर संघ चालक गोविंद, विभाग प्रचारक कौशल समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।