रांची, 28 मार्च । झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देवी मंडप रोड स्थित सुजीत कुमार गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य शुक्रवार दोपहर गुमला गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के समय सुनसान घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना सुजीत कुमार गुप्ता को उनके पड़ोसी द्वारा दी गई। जब वे वापस घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सभी कीमती जेवरात व नगदी गायब हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही पंडरा ओपी प्रभारी फैज रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में जेवरात और नगदी की चोरी की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
———–