गुरुग्राम, 23 मार्च । लिव-इन पार्टनर द्वारा छोडक़र चले जाने से आहत होकर होटल कर्मी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। खेडक़ीदौला पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें होटल कर्मी ने यह बात लिखी थी। पुलिस ने सोमवार को शव को मोर्चरी भिजवा दिया और कार्रवाई शुरु कर दी।
जानकारी अनुसार उत्तराखंड के बागेश्वर निवासी 26 वर्षीय संजय गुरुग्राम के एक होटल में जॉब करता था। वह खेडक़ीदौला क्षेत्र में करीब दो माह से किराए पर रहता था। उसके साथ कोलकाता निवासी एक युवती भी लिव-इन में थी। युवती भी होटल में ही जॉब करती है। संजय की युवती से करीब डेढ़ साल पहले पहचान हुई थी और दोनों पहले गोवा में रहते थे। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले युवती चली गई थी। इसके बाद से संजय परेशान रहने लगा जिसके बाद उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक के दोस्त मोहन ने जब उसे कॉल की तो पिक नहीं हो सकी। जिस पर मोहन रविवार की रात करीब आठ बजे उसे देखने आया तो कमरा अंदर से बंद था। जिसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर संजय फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरु कर दी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिव-इन-पार्टनर के चले जाने की बात कही गई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया और कार्रवाई शुरु कर दी।