बलरामपुर, 23 मार्च ।कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर एवं वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन और व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्रवाई करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने, संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना देने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही किसानों को मादक फसलों की खेती से दूर रहने के लिए जागरूक करने और कोटवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
कलेक्टर ने मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच, प्रतिबंधित एवं एक्सपायर दवाओं की बिक्री पर रोक तथा क्लीनिकों के लाइसेंस सत्यापन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध दवाओं की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इसके अलावा कोटपा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जनसहभागिता के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर स्थित चेकपोस्टों पर सघन जांच करने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।