यमुनानगर, 15 मार्च । यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम हेरोइन मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने रविवार काे बताया कि पुलिस टीम ने कुछ दिन पहले कलानौर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बलविंदर सिंह निवासी इंदिरा आवास कॉलोनी को 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में दर्ज एफआईआर के बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ की गई।
जांच के दौरान बलविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह यह नशीला पदार्थ सहारनपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति से लेकर आता था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरिंदर कुमार निवासी सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया, जिसे इस मामले में मुख्य सप्लायर माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हेरोइन कहां से हासिल करता था और किन माध्यमों से इसे आगे सप्लाई किया जाता था। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।