जयपुर, 14 मार्च । विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर रविवार को उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में राज्य स्तरीय उपभोक्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा, जिसका विषय ‘सुरक्षित उत्पाद-आश्वस्त उपभोक्ता’ रखा गया है।
सम्मेलन का उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करना है।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष ए. पी. साही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष देवेन्द्र कच्छावा विशिष्ट अतिथि तथा कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अनन्त शर्मा आमंत्रित अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित प्रतिभागियों को गुणवत्ता शपथ भी दिलाएंगे। सम्मेलन में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास तथा विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार भी उपभोक्ता अधिकारों की मजबूती और पारदर्शी बाजार व्यवस्था पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए उपभोक्ता प्रतिनिधि, राज्य और जिला उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्ष व सदस्य तथा विभागीय अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और पहलों की जानकारी भी साझा की जाएगी, जिससे आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हो सकें।
इस अवसर पर ‘गिव अप अभियान’ से संबंधित पत्रिका, उपभोक्ता जागृति विशेषांक, राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा प्रकाशित ई-जागृति तथा भारतीय मानक ब्यूरो और उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा प्रकाशित ‘सुरक्षित उत्पाद-आश्वस्त उपभोक्ता-सशक्त भारत’ पुस्तिका का लोकार्पण भी किया जाएगा।
साथ ही ‘गिव अप अभियान’ पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर राज्य उपभोक्ता आयोग और जिला उपभोक्ता आयोगों के अध्यक्षों एवं सदस्यों की एक दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा।