मंदसौर : रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, शहर में 25 और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में हो रही डिलीवरी

Share

मंदसौर, 14 मार्च । मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी गैस एजेंसी के गोदाम में गैस की कमी की स्थिति नहीं है।

जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में 11 हजार 492 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। मंदसौर शहर में गैस बुकिंग के लगभग 25 दिन के भीतर डिलीवरी की जा रही है, जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में औसतन 45 दिन में बुकिंग पूरी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 42 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं और 3 लाख 64 हजार 518 घरेलू उपभोक्ता गैस कनेक्शन से जुड़े हुए हैं। शुक्रवार को ही 3 हजार 523 गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए।

आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डिपो से एजेंसियों के लिए सिलेंडरों से भरे वाहन लगातार रवाना किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार कल तक प्राप्त सभी बुकिंग आदेशों के अनुरूप गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जारी है।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।