सतना, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान, उद्यमिता परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के मुख्यातिथ्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथियों ने सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया और उनके उत्साह व सेवा भावना की सराहना की।
समापन सत्र में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना का विकास होता है। शिविर में शामिल स्वयंसेवकों के उत्साह, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण को देखकर प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हैं तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
शिविर के दौरान विभिन्न बौद्धिक सत्र, समूह चर्चा और सामाजिक विषयों पर संवाद आयोजित किए गए। जिनसे प्रतिभागियों को नेतृत्व कौशल और सामाजिक कार्यों की समझ विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के प्रति संकल्प के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर एनएसएस के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।