बारात को रास्ता देने की बात पर बवाल, तीन बच्चियों के पिता की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

Share

नई दिल्ली, 13 मार्च । उत्तर पश्चिमी जिले के भारत नगर इलाके में मामूली विवाद ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया। बारात के लिए रास्ता देने को लेकर हुए झगड़े में कुछ युवकों ने तीन बच्चियों के पिता मोहन की कथित तौर पर बेल्ट, डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

वारदात की सूचना मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के लिए जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव भी पहुंचीं। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपित अभी फरार बताया जा रहा है।

शादी की खुशी पल भर में मातम में बदली

परिजनों के अनुसार जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात आने वाली थी, वहीं अचानक मातम छा गया। बताया गया कि कुछ युवक बीच सड़क पर आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान उस रास्ते से बारात गुजरने वाली थी। लड़की के भाई मोहन और उसके जीजा वीरेंद्र ने युवकों से रास्ता खाली करने के लिए कहा ताकि बारात आसानी से निकल सके। परिजनों का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने मोहन और उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेल्ट, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल मोहन और दो अन्य लोगों को तुरंत नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मोहन की मौत हो गई। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।

मृतक मोहन पेशे से इलेक्ट्रिशियन थे और उसी से परिवार का गुजारा चलता था। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटी बच्चियां हैं। परिजनों का कहना है कि घर का एकमात्र सहारा छिन गया और मामूली विवाद में उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

एक घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि माता पार्क (पथवारी पार्क) के पास साहिल उर्फ नटवाला उर्फ लाला ने अपने साथियों राघव उर्फ अलीगढ़िया उर्फ रोमियो उर्फ अक्षय कुमार, अभिषेक उर्फ बघीरा और अर्जुन के साथ मिलकर पीड़ितों पर हमला किया था। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपिताें की पहचान की और महज एक घंटे के भीतर चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।