अमेठी, 11 मार्च । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज के पीछे स्थित मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 13 विकास खंडों एवं चारों नगर निकायों से आए कुल 308 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ-शिशु कल्याण विभाग) मयंकेश्वर शरण सिंह रहे। उनके साथ जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, ब्लाक प्रमुख शाहगढ़ सदाशिव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र एवं उपहार सामग्री प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। कार्यक्रम में वर-वधू को दी जाने वाली सभी सामग्रियां गुणवत्तापूर्ण हैं। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समय पर पहुंचे। सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानजनक तरीके से विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को उज्ज्वल भविष्य और सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शेर बहादुर ने बताया कि जनपद के 13 विकासखंडों से कुल 308 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें सभी विवाह संबंधित धर्मों की परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति युगल कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री जैसे साड़ियां, ब्राइडल लहंगा, चांदी की पायल व बिछिया, डिनर सेट, कुकर, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, आयरन, गद्दा-तकिया आदि वर-वधू को दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे।