सारण में जनगणना के लिए वरीय अधिकारियों को मिली विशेष प्रशिक्षण

Share

सारण, 10 मार्च । जनगणना के सफल संचालन हेतु आयोजित प्रथम बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को कर्तव्य और निष्ठा का पाठ पढ़ाया।समाहरणालय सभागार में स्थानांतरित इस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर की शिथिलता या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सत्र के दौरान चार्ज अधिकारियों से पिछले दिन के कार्यों का पुनर्कथन कराया और रैंडम सवाल पूछकर उनकी क्षमता का आकलन किया। उन्होंने कहा प्रशिक्षण ही पूरी जनगणना प्रक्रिया का आधार है। जब तक अधिकारी स्वयं पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं होंगे, जमीनी स्तर पर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित नहीं की जा सकती।

प्रमुख तकनीकी सत्र और बिंदु

प्रशिक्षण के दौरान स्टेट ट्रेनर अदिति आनंद और जुली कुमारी ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की।

स्टेट ट्रेनर सह डीआईओ तारणी कुमार ने वार्तालाप विधि अपनाते हुए प्रशिक्षणार्थियों के सभी संशयों को दूर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यवेक्षकों और गणनाकर्ताओं की भूमिका इस पूरी कड़ी में सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, डीपीआरओ रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, स्टेट ट्रेनर सह डीसीएलआर आलोक राज और सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।