खेल-खेल में मासूम पर पेट्रोल डाल माचिस जलाने का पड़ोसी बालक पर लगा आरोप

Share

सारण, 10 मार्च । मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है जहां एक दस वर्षीय बालक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना सामने आई। इस घटना में बालक का चेहरा और हाथ झुलस गए हैं। फिलहाल जख्मी बालक का उपचार मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जहां चिकित्सक रिजवान अहमद ने उसे खतरे से बाहर बताया है।

घायल बालक की पहचान दुर्गापुर गांव निवासी छटू साह के दस वर्षीय पुत्र विकास साह के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचाराधीन बालक ने बताया कि वह अपने घर के बाहर सो रहा था, तभी पड़ोस का एक बच्चा वहां आया और उस पर पेट्रोल फेंककर माचिस जला दी। आग लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में बालक को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

थाना अध्यक्ष ने हिंदुस्थान समाचार को बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, हम जांच कर रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला कुछ और ही नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह घटना पटाखा खेलते समय हुई दुर्घटना प्रतीत हो रही है। मांझी पुलिस के मुताबिक बीती रात गांव में एक बारात आई थी। आतिशबाजी के बाद बचे हुए पटाखों के बारूद को इकट्ठा कर उसमें माचिस की तीली जलाने के दौरान अचानक तेज लपटें उठीं, जिससे बालक झुलस गया। हालांकि बालक के बयान और पुलिस की प्रारंभिक जांच में विरोधाभास है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।