वकीलों के विरोध के बीच सुसनेर एसडीएम हटाए गए, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

Share

आगरमालवा, 10 मार्च । मध्य प्रदेश के सुसनेर और नलखेड़ा अभिभाषक संघ के साथ चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए सुसनेर के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) सर्वेश कुमार यादव को पद से हटा दिया है। अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में रहने वाले एसडीएम को हटाकर कलेक्टर कार्यालय आगरमालवा में पदस्थ किया गया है।

कलेक्टर प्रीति यादव ने 10 मार्च को आदेश जारी कर यह परिवर्तन किया। आदेश के अनुसार कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ प्रभारी डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े को सुसनेर-नलखेड़ा का नया अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

दरअसल, सुसनेर और नलखेड़ा अभिभाषक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम सर्वेश यादव की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि एसडीएम की कार्यशैली के कारण आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अभिभाषकों का कहना था कि मामलों के निपटारे में पारदर्शिता की कमी, अपेक्षित सहयोग न मिलना और अन्य अनियमितताओं के कारण न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। संघ ने यह भी बताया कि 13 फरवरी 2026 को आयोजित बैठक में एसडीएम के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर उनके न्यायालय का सामूहिक बहिष्कार किया गया था, जिसकी सूचना प्रशासन को भी दी गई थी।

इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर अभिभाषक संघ ने 9 मार्च को बैठक कर निर्णय लिया था कि 11 मार्च से एसडीएम न्यायालय के सामने शांतिपूर्ण क्रमिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी लिखित सूचना भी कलेक्टर को दी गई थी।

इसी बीच जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर एसडीएम सर्वेश यादव को सुसनेर से हटाकर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ कर दिया और उनकी जगह प्रभारी डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े को सुसनेर-नलखेड़ा का नया एसडीएम नियुक्त कर दिया।