परिवार से बिछड़ने के बाद 12 साल बाद मिला राजा, केरल से लौटा वापस

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 10 मार्च । चाईबासा के एसपी अमित रेणु के निर्देश पर लगभग 12 वर्षों से अपने परिवार से बिछड़े एक बालक को उसके परिजनों से मिलाने में पुलिस को कामयाबी मिली है। इस पहल की पूरे जिले में सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले का एक बालक कई वर्ष पहले घर से भटककर केरल राज्य पहुंच गया था। वहां उसकी देखभाल केरल की बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की ओर से की जा रही थी। जब भी उससे उसके घर का पता पूछा जाता था, तो वह इतना ही बता पाता था कि उसका घर चाईबासा जिले के एक पहाड़ पर है। वह कहता था कि पहाड़ बहुत बड़ा नहीं है और उसके नीचे एक स्कूल स्थित है। वह अपने पिता का नाम बोलराम, मां का नाम मनी, भाई का नाम फंटूश और दो छोटी बहनों के नाम तुरकी और तेरकी बताता था।

इस सीमित जानकारी के आधार पर पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बालक की पहचान कराने के लिए उसका फोटो और विवरण जिले के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित शाखाओं को भेजा। इसके साथ ही विभिन्न माध्यमों से जानकारी साझा कर उसकी पहचान करने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस का यह प्रयास आखिरकार सफल साबित हुआ और सोशल मीडिया और मानवीय सूचना के जरिए बच्चे के परिजनों तक यह खबर पहुंच गई। इसके बाद परिजन सामने आए और पुलिस ने सभी तथ्यों का सत्यापन कराया।

जांच में पता चला कि बालक का नाम राजा गोप उर्फ गोमा है। उसके पिता का नाम बोडराम उर्फ बुधराम गोप और माता का नाम मानी गोप है। वह पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के हाड़ीमारा गांव के रहने वाले हैं। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और वर्तमान में जीविका चलाने के लिए पश्चिम बंगाल में मजदूरी कर रहा है।

परिजनों से संपर्क होने के बाद उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने बालक को वापस लाने के लिए पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद चाईबासा पुलिस ने एक टीम को केरल भेजा। पुलिस टीम ने आठ मार्च को केरल की बाल कल्याण समिति से बच्चे को प्राप्त किया और उसे लेकर वापस चाईबासा पहुंची। मंगलवार को सोनुवा थाना में सभी औपचारिकताओं के बाद बालक को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

करीब 12 साल बाद अपने बेटे को पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस पूरे मामले में चाईबासा पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता की हर ओर चर्चा हो रही है।