नई दिल्ली, 10 मार्च । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं का समर्पण देश के स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ है। चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ‘वुमन इन मेडिकल प्रोफेशन’ कार्यक्रम में कहा कि आज महिलाएं डॉक्टर, सर्जन, शोधकर्ता, नर्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञ के रूप में काम कर रही हैं। दिल्ली सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। महिलाओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता कार्यक्रमों तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर महिला को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सर गंगाराम अस्पताल जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं और यहां की समर्पित महिला चिकित्सा पेशेवर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में महिला स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।