राजस्थान में चढ़ा पारा, अगले सप्ताह गर्मी बढ़ने की संभावना

Share

जयपुर, 03 मार्च । राजस्थान में गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को राज्य के पश्चिमी हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।

बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी और चित्तौड़गढ़ में भी पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इन इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप के साथ हल्की गर्म हवा चलने से लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। विशेषज्ञों ने अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि का अनुमान जताया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा। शुष्क मौसम और कम आर्द्रता के कारण दिन के साथ-साथ सुबह और रात में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। वर्तमान में कई शहरों का न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा जा रहा है। सीकर में भी सोमवार को मौसम साफ रहा और तापमान में बढ़ोतरी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, यहां भी आने वाले दिनों में पारे में लगभग दो डिग्री तक की वृद्धि संभव है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में नमी का स्तर 40 प्रतिशत से नीचे रहने के कारण गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है। अगले कुछ दिनों में प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।