कोरबा, 02 मार्च (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा जिले के दूरस्थ अंचलों में विकास को गति देने के उद्देश्य से 21.35 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनबेरी में अग्रसेन गौसेवा समिति परिसर के पास आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने की।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से जिले में सड़क संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से पीवीटीजी समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। ग्राम में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ के निर्माण कार्य के प्रारंभ होने से स्थानीय आवागमन को नई दिशा मिलेगी। सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण से वर्षा ऋतु में भी ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण करते हैं, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचे। यही कारण है कि आज योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार समग्र और संतुलित विकास की नीति पर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से अब कोई भी दूरस्थ क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कुल 21.35 करोड़ रुपये की लागत से आठ वृहद पुलों और सड़कों की आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कोरबा विकासखंड में लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग तथा पतरापाली-धानकछार मार्ग पर गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा और पेंसारी नाला सहित विभिन्न स्थानों पर पुलों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग के कोठीझुंझा नाला पर 278.72 लाख रुपये की लागत से एक वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कटघोरा विकासखंड में पंचराम के घर से हीरालाल के घर तक 500 मीटर लंबी सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य 42.95 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और बरसात के दौरान संपर्क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव, जनपद सदस्य अमृत लाल कंवर, सरपंच शत्रुघन सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, अग्रसेन गौसेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।