भोपाल, 01 मार्च । इस बार मार्च में मध्य प्रदेश में गर्मी तेवर दिखाएगी। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है। महीने की शुरुआत हल्की बारिश से हो सकती है, लेकिन दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, मार्च से मई के बीच प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। गर्मी का प्रभाव मार्च से ही दिखने लगेगा, जबकि लू (हीट वेव) का ज्यादा असर अप्रैल और मई में रहने की आशंका है। इस दौरान दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दो दिन बाद मध्य प्रदेश में भी दिख सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान लगातार ऊपर जाएगा।
30 शहरों में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
शनिवार को प्रदेश के 30 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। भोपाल में 32.4 डिग्री, इंदौर में 31.1 डिग्री, ग्वालियर में 32.5 डिग्री, उज्जैन में 30.5 डिग्री और जबलपुर में 33.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सबसे अधिक 35 डिग्री तापमान खरगोन में रिकॉर्ड किया गया।
मार्च में दिखेगा तीन मौसम का असर
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, मार्च में प्रदेश में दिन गर्म, रातें ठंडी और बीच-बीच में बारिश का ट्रेंड रहा है। इस बार भी ऐसा ही मिजाज रहने के संकेत हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 10 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। ग्वालियर में मार्च के दौरान मौसम में सबसे ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। यहां रात का तापमान 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। वहीं जबलपुर में दिन में तेज गर्मी और रात में ठंड का असर रहता है।
अप्रैल-मई में चरम पर होगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले हैं। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी के आसार हैं।