भागलपुर, 27 फ़रवरी । जिले के पीरपैंती प्रखंड के हरिनकोल पंचायत अंतर्गत पहाड़िया टोला स्थित मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का सौंदर्यकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया गया। यह कार्य अदानी फाउंडेशन की सीएसआर राशि से कराया गया है। उद्घाटन समारोह में अदानी पावर प्लांट के पीरपैंती प्लांट के प्रोजेक्ट हेड राजीव गोयल, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, मुखिया दीपक सिंह, एचआर धनंजय त्रिपाठी, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, सीएसआर के अधिकारी कृष्णा कल्याण, प्रवीण कुमार,किसान चेतना एवं उत्थान समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने आंगनवाड़ी केंद्र में नामांकित बच्चों से बातचीत की और भविष्य में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय आदिवासी समाज के लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से गांव के विकास को नई गति मिलेगी।
आंगनवाड़ी केंद्र में टाइल्स और मार्बल का काम कराया गया है। बच्चों के लिए शिक्षण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए आकर्षक रंग-रोगन किया गया है। केंद्र में किचन का भी निर्माण औथ मरम्मत कार्य कराया गया है। साथ ही बच्चों को बैग, बैठने के लिए कुर्सियां एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त अदानी फाउंडेशन की ओर से आदिवासी गांव में पानी की समस्या को देखते हुए दो चापाकल का उद्घाटन किया गया तथा दर्जनों स्ट्रीट लाइट भी लगाई गईं, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है।