राजगढ़ःतेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर,पति की मौत, पत्नी सहित तीन घायल

Share

राजगढ़,27 फरवरी । राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर करनवास थाना क्षेत्र में ग्राम बादलखेड़ी जोड़ के समीप शुक्रवार अलसुबह तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पत्नी सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मौके से ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम बादलखेड़ी जोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक यूपी 80 एचटी 7280 ने कार क्रमांक यूपी 65 डीपी 2200 को पीछे से दाहिनी तरफ टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार ऋतिक(24)पुत्र अशोक कौशल निवासी रायबरेली यूपी की मौके पर ही मौत हो गई वहीं शिवम पुत्र अशोक निवासी फतेहपुर, रिंकू उर्फ रेनू (22) पत्नी ऋतिक निवासी रायबरेली और सुजल (25)साल निवासी कानपुर गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बूलेंस वाहन की मदद से घायलों को पचोर अस्पताल पहुंचाया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। बताया गया है कार सवार लोग रायबरेली से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे तभी ग्राम बादलखेड़ी जोड़ के समीप यह लोग लघुशंका के बाद कार में सवार हो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार आइशर ट्रक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।