धर्मशाला, 26 फ़रवरी । जिला कांगड़ा पुलिस के बैजनाथ पुलिस थाना के तहत बीते दिन पकड़े गए चिट्टे के मामले में पुलिस ने चिट्टा सप्लाई करने वाली मुख्य महिला तस्कर, उसके बेटे और एक अन्य आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने इस मामले में महिला तस्कर सोनिका राणा, उसके बेटे प्रिंस राणा और एक अन्य आरोपी ऋषभ कुमार उर्फ रिशु को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि बैजनाथ पुलिस ने बीते दिन आकाश राणा पुत्र विनोद कुमार, निवासी गांव मलेहड़ डाकघर कुदैल तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा उम्र 23 साल व सुधांशु सोनी पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव व डाकघर तथा तहसील लड़भड़ोल जिला मंडी उम्र 26 साल के कब्जे से 32.56 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उपरोक्त आरोपियों से गहन पूछताछ व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपियों से बरामद चिट्टा मुख्य तस्कर सोनिका राणा पत्नी विनोद कुमार निवासी गांव मलेहड़ व उसके बेटे आकाश राणा पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव मलेहड़ डाकघर कुदैल तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा तथा अन्य साथी रिशभ कुमार उर्फ रिशु पुत्र सुशील कुमार निवासी गांव हारी डाकघर महालपट तहसील बैजनाथ ने उपलब्ध करवाया था।
इसके उपरांत तुरन्त उक्त मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिस पर विशेष टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए मात्र 12 घण्टों के भीतर इन तीनों को आलमपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा नियमानुसार आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।