पलामू में 64.1 प्रतिशत मतदान

Share

पलामू, 23 फ़रवरी । नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 सोमवार को पलामू जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। निर्धारित समय शाम 5 बजे तक 64.1 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में सबसे अधिक पांच नगर निकायों के लिए वोट डाले गए। मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर पर्षद, हुसैनाबाद, हरिहरगंज और छतरपुर नगर पंचायत के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू है। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल रहा। वे अपने फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र दिखाकर मतदान करते हुए नजर आए। छतरपुर में सबसे अधिक 68.45, मेदिनीनगर में सबसे कम 58.46, विश्रामपुर में 67.85, हरिहरगंज में 65.24 और हुसैनाबाद में 60.03 प्रतिशत मतदान हुआ।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर शाम 6 बजे सभी मतदाताओं, टीम में शामिल पदाधिकारियों का आभार जताया है एवं बेहतर टीम वर्क बताया है। कहा कि सभी के सहयोग से ही लोकतंत्र के महापर्व का सुखद समापन किया गया। सभी मतपेटियों को सुरक्षित वज्रगृह लाया गया एवं सील कर सुरक्षित रख दिया गया है। 27 फरवरी को मतगणना होगी।

जिले में 246 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई। 231970 में से 1 लाख 48 हजार 692 मतदाताओं ने हिस्सा लिया। मेदिनीनगर नगर निगम में महापौर पद के लिए 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इसी तरह विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के 21, हुसैनाबाद अध्यक्ष पद के 7, छतरपुर अध्यक्ष पद के 24, हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 10 उम्मीदवारों व पार्षद पद सहित कुल 724 उम्मीदवारों की किस्तम बैलेट बाक्स में बंद हो गई है। मतदाताओं ने पांच सालों के लिए अपने क्षेत्र का प्रतिनिधि चुना है।

मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार निवर्तमान महापौर अरूणा शंकर, झामुमो की पूनम सिंह, कांग्रेस की नम्रता त्रिपाठी एवं भाजपा की बागी श्रीमती रिंकू सिंह मुख्य मुकाबले में हैं, लेकिन यहां त्रिकोणीय चुनाव के आसार लगते हैं। विश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में निवर्तमान अध्यक्ष हलीमा बीवी, भाजपा समर्थित उम्मीदवार चंपा शुक्ला एवं सुलेखा प्रिया के बीच मुकाबला है। छतरपुर में अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन, भरत प्रसाद, अली अंसारी एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवार कैलाश सिंह मुख्य मुकाबले में हैं।

हुसैनबाद नगर पंचायत में निवर्तमान अध्यक्ष शशि कुमार, प्रथम अध्यक्ष उषा देवी एवं द्वितीय अध्यक्ष रहे रामेश्वर राम उर्फ छठन के बीच मुुख्य मुकाबला है। रामेश्वर राम भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं, जबकि शशि कुमार को राजद ने समर्थन दिया है।

हरिहरगंज नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हो रहा है। यहां कुमारी शिला चौधरी, पूर्व जिला पार्षद आशा कुमारी, रेणु देवी एवं माधुरी देवी के बीच मुकाबला है।