वाराणसी, 21 फरवरी । 18 वीं अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में शनिवार को हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला। वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेलकूद स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले में उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तर रेलवे एवं पश्चिम रेलवे के मध्य खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले चरण में पश्चिम रेलवे ने बढ़त बनाई, किंतु उत्तर रेलवे ने प्रभावशाली वापसी करते हुए मुकाबले को अत्यंत रोमांचक बना दिया। अंतिम क्षणों में कड़े संघर्ष के बाद उत्तर रेलवे ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए 26–24 से विजय प्राप्त की। पुरुष वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
—महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं दक्षिण मध्य रेलवे के बीच खेला गया। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने प्रारम्भ से बढ़त बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अंततः 31–30 से मुकाबला अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों की तेज़ गति, सटीक पास, शानदार ब्लॉक एवं प्रभावशाली गोल प्रयासों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित खेलप्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का जमकर उत्साह वर्धन किया।
उल्लेखनीय है, कि यह प्रतियोगिता 18 से 21 फरवरी तक बरेका, के केंद्रीय खेलकूद मैदान में आयोजित की गई। जिसमें भारतीय रेलवे की विभिन्न टीमों ने भाग लिया। पुरूष वर्ग में जहां उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड एवं पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स ने भाग लिया। वहीं,महिला वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे एवं पश्चिम रेलवे ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सह अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ एस.के. श्रीवास्तव ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बरेका खेलकूद संघ एवं रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की सराहना की। इस अवसर पर बरेका खेलकूद संघ ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया ।