पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के लिए सीपी प्लस को बनाया नया टाइटल स्पॉन्सर

Share

मुंबई, 19 फ़रवरी । पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची पंजाब किंग्स फ्रेंचाइज़ी अब इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में नए जोश और महत्वाकांक्षा के साथ उतरने जा रही है। टीम ने वैश्विक सुरक्षा और निगरानी ब्रांड सीपी प्लस के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत सीपी प्लस आईपीएल 2026 के लिए पंजाब किंग्स का टाइटल स्पॉन्सर बनेगा, जिससे टीम की ब्रांड पहचान और व्यावसायिक दायरा और मजबूत होगा।

विश्वास, सुरक्षा और तकनीक के बढ़ते महत्व के दौर में यह साझेदारी भारतीय उपभोक्ताओं की बदलती अपेक्षाओं को दर्शाती है। दोनों ब्रांड प्रदर्शन, विश्वसनीयता और नवाचार के मूल्यों से जुड़े हैं और देशभर के दर्शकों के साथ गहरा जुड़ाव रखते हैं।

सीपी प्लस वीडियो निगरानी, बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल, होम ऑटोमेशन और एंटरप्राइज सुरक्षा प्रणालियों सहित उन्नत समाधानों की विस्तृत श्रृंखला प्रदान करता है। नवाचार और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के चलते यह ब्रांड घरों, व्यवसायों और सार्वजनिक अवसंरचना में सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए जाना जाता है।

इस साझेदारी के तहत पंजाब किंग्स और सीपी प्लस पूरे सत्र में डिजिटल अभियानों, मैदान पर विशेष गतिविधियों और प्रशंसक-केंद्रित पहलों की शुरुआत करेंगे। साथ ही स्टेडियम और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तकनीक आधारित इंटीग्रेशन के माध्यम से मैच अनुभव को और अधिक रोचक व इंटरैक्टिव बनाने की योजना है।

सीपी प्लस के प्रबंध निदेशक आदित्य खेमका ने कहा कि क्रिकेट देश को जोड़ने वाला खेल है और पंजाब किंग्स के साथ यह साझेदारी उनके लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि उच्च प्रदर्शन वाले खेल और उनकी कंपनी की कार्यशैली में अनुशासन, सटीकता और दबाव में निरंतर प्रदर्शन जैसी समानताएं हैं।

पंजाब किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश मेनन ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि यह साझा दृष्टिकोण पर आधारित है और दोनों ब्रांडों के लिए मूल्य सृजित करेगी। वहीं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी सौरभ अरोड़ा ने कहा कि सीपी प्लस एक भरोसेमंद ब्रांड है, जो आईपीएल दर्शकों से स्वाभाविक रूप से जुड़ता है।

गौरतलब है कि पंजाब किंग्स ने 16 दिसंबर को आयोजित आईपीएल 2026 नीलामी में 25 सदस्यीय टीम को अंतिम रूप दिया, जिसमें चार नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया। मजबूत कोर और नए जोश के साथ टीम आगामी सत्र में एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की तैयारी में है।