जयपुर, 18 फ़रवरी । राजस्थान की चर्चित फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट समूह पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश सहित अन्य राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। श्ह कार्रवाई बुधवार सुबह शुरू हुई जो अब तक जारी है।
आयकर विभाग के अनुसार सबसे अधिक 26 ठिकानों पर जयपुर में जांच की जा रही है। इसके अलावा श्रीगंगानगर, करौली, कोटा, हिंडौन और मुंबई स्थित कार्यालयों व अन्य परिसरों में भी आयकर टीमों ने दबिश दी। अधिकारियों ने बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड, नकदी लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। कई महत्वपूर्ण फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डाटा जब्त किए जाने की जानकारी है।
उदयपुर में जगदीश मंदिर के पीछे स्थित सन एंड मून रेस्टोरेंट और हरिदास जी मगरी स्थित द सिएरा सोल रेस्टोरेंट पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी रही। बताया जा रहा है कि दोनों प्रतिष्ठानों का स्वामित्व एक ही समूह के पास है। सिएरा होटल में 29 कमरे हैं, जहां से खातों और लेन-देन से संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। श्रीगंगानगर में नेशनल हाईवे स्थित फैंटम रेस्टोरेंट पर भी आयकर विभाग ने पुलिस जाब्ते के साथ छापा मारा और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड व कंप्यूटर डाटा की जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बड़े पैमाने पर आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी की वास्तविक राशि और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।