पूर्णिया, 18 फ़रवरी । धमदाहा में मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने में लापरवाही के आरोप में अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने दो केंद्राधीक्षकों (सीएस) से स्पष्टीकरण तलब किया है। दोनों केंद्राधीक्षकों पर परीक्षार्थियों की समुचित फ्रिस्किंग नहीं कराने का आरोप है।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण कार्य में तैनात छह वीक्षिकाओं को भी हटाने का निर्देश जारी किया गया। यह कार्रवाई महंत मंगनिराम दास अमारी एवं आदर्श मध्य विद्यालय अमारी परीक्षा केंद्रों पर पाई गई अनियमितताओं के बाद की गई। मैट्रिक परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय रहा।
एसडीएम अनुपम के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी एवं अंचलाधिकारी कुमार रवींद्रनाथ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बुधवार को दूसरे दिन कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। 5890 छात्राओं में से 5803 उपस्थित रहीं, जबकि 87 अनुपस्थित पाई गईं। प्रशासनिक निगरानी के बीच सभी केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई।