खाजा दुकान कर्मी को मार-मार किया जख्मी, इलाज के दौरान हुई मौत

Share

नालंदा, बिहारशरीफ 18 फ़रवरी । नालंदा जिले के सिलाव बायपास स्थित हीरा खाजा भंडार दुकान में काम करने वाले कर्मी का इलाज के दौरान मंगलवार की रात पावापुरी बीम्स में मौत हो गई। मृतक कर्मी के परिजन ने खाजा दुकानदार को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज किया है। मृतक कर्मी परवलपुर थाना क्षेत्र के बदौनी निवासी उदल राम के 44 वर्षीय बिंदु प्रसाद है। बुधवार को घटना की जानकारी प्राप्त होने पर सिलाव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

बताया जा रहा है कि कर्मी के साथ खाजा दुकानदार ने बहुत ही अमानवीय रूप से अपने पुत्रों और सहयोगियों के साथ मिलकर बीते 7 फरवरी को जमकर मारपीट किया था। गंभीर हालत में कर्मी जान बचाकर पास सीमा गांव अपने साढू के पास चला गया। स्थिति बिगड़ते देख उसे 12 फरवरी को पैतृक गांव बदौनी ले जाया गया,जहां से परिजन ने उसे इलाज हेतु पावापुरी बीम्स में भर्ती कराया था।

मृतक के पत्नी पूजा देवी एवं बहन प्रतिमा देवी ने बताया कि हीरा खाजा भंडार सिलाव में करीब तीन साल से काम करते थे। पूजा ने बताया कि पति ने बताया था कि मेरा कोई दोष नहीं था लेकिन मुझे जान मारने की नियत खाजा भंडार के संचालक पुत्र ने तीन चार लोगों के साथ मिलकर गर्म झंझरे से जमकर पीटा।

बहन प्रतिमा ने बताया कि अब खाजा दुकानदार 03 लाख रुपये की प्रलोभन देते हुए हमलोगों पर दबाव बना रहा कि मामले को रफा दफा कर लो।

इस मामले में डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद ही पुलिस मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। मृतक के शरीर पर मारपीट का निशान और कूल्हे का हड्डी टूटा पाया गया है, जिससे साफ जाहिर है कि कर्मी के साथ अमानवीय तरीक़े से मारपीट की गई है। इस मामले में जो भी दोषी हैं उन सभी के ऊपर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश सिलाव थानाध्यक्ष को दे दिया गया है।