जबलपुर : मांडवा बस्ती में फायरिंग, तलाश में जुटी पुलिस

Share

जबलपुर, 18 फ़रवरी । जबलपुर शहर में बदमाशों की हौसले इतने बुलंद है कि अब वह सरेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं इसी सिलसिले में बुधवार सुबह मांडवा बस्ती में 8 से 10 हथियारबंद युवकों ने एक घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ कर फायरिंग की। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आरोपित युवक बेसबॉल बैट और अन्य हथियार लेकर इब्राहिम के घर पहुंचे। उन्होंने लगभग 10 मिनट तक घर के दरवाजे तोड़े और बिल्डिंग की लाइट बंद कर दी। शोर सुनकर लोग बाहर निकले, तो हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

पीड़ित इब्राहिम शाह ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनके छोटे भाई मोनू का बाइक हादसा हुआ था। रास्ते में करन के पिता से टक्कर होने से उनका चेहरा घायल हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसे आसपास के लोगों ने शांत कराया। रात को करन अपने पिता के साथ रामपुर चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इब्राहिम और मोनू अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ जोगनी मंदिर गए थे, तभी करन और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई और महिला घायल हुए।

स्थानीय लोगों ने सुबह रामपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा। सीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि गोरखपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।