अमेरिकी विश्वविद्यालय का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा आईपीयू

Share

नई दिल्ली, 18 फ़रवरी । संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के जॉर्ज मेसन विश्वविद्यालय का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कंप्यूटर साइंस के प्रो. और स्कूल ऑफ कंप्यूटिंग के डिविजनल डीन प्रो. गुरदीप सिंह कर रहे थे।

यह प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आया हुआ है।

प्रतिनिधिमंडल ने समकालीन और उभरते क्षेत्रों में अकादमिक सहयोग और संस्थागत साझेदारियों को मजबूत करने के तरीकों का पता लगाने के लिए आईपीयू के कुलपति प्रो. महेश वर्मा के साथ अंतरराष्ट्रीय मामले के निदेशक प्रो. विजेता एस. अग्रवाल और अंतरराष्ट्रीय मामले की एसोसिएट निदेशक डॉ. शिल्पा जैन की उपस्थिति में बैठक की।

चर्चाएं शिक्षा और अनुसंधान में अंतर-विश्वविद्यालय सहयोग, संयुक्त संपादकीय और प्रकाशन पहल, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, भाषा सीखने के कार्यक्रमों और संकाय विकास कार्यक्रमों (एफडीपी) के आयोजन पर केंद्रित थीं।

बैठक का समापन स्थायी अकादमिक साझेदारियों को आगे बढ़ाने और भारत-अमेरिकी शैक्षिक संबंधों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

अमेरिकी विश्वविद्यालय ने पहले से ही कुछ भारतीय विश्वविद्यालयों के साथ दोहरे कार्यक्रम संचालित करने के लिए सहयोग कर रखा है और अन्य भारतीय विश्वविद्यालयों के साथ ऐसे और अधिक सहयोग की तलाश में है।