संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकती मिली लाश

Share

अमेठी, 18 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत परसावां गांव में खेत में स्थित नीम के पेड़ के सहारे रस्सी में फांसी के फंदे से लटकती हुई अधेड़ की लाश मिली है। लाश मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है सूचना पर पहुंची पुलिस जांच तथा आवश्यक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राम शिरोमणि यादव (45) पुत्र श्याम बिहारी यादव निवासी परसावां के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह सुबह खेत जाने के लिए निकले थे फिर लौटकर नहीं आए। ग्रामीणों ने राम शिरोमणि की लाश नीम के पेड़ से लटकती हुई देखी तो घर वालों को सूचित किया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने कोतवाली अमेठी को सूचित किया।

बुधवार को अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा तथा पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ और घटना की जांच में जुटी हुई है।