कमला नेहरू पुरूस्कार मिलने पर सरस्वती विद्या मंदिर में खुशी की लहर

Share

हरिद्वार, 17 फ़रवरी । बीएचईएल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज ने सत्र 2024-25 के लिए कमला नेहरू पुरस्कार प्राप्त किया है। यह पुरस्कार उत्तराखंड सरकार की ओर से ब्लॉक के उन विद्यालयों को दिया जाता है, जिनके बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष बहादराबाद ब्लॉक में 103 छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को यह सम्मान प्राप्त हुआ।

पुरस्कार मिलने पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाया। प्रधानाचार्य लोकेंद्रदत्त अंथवाल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और भारतीय संस्कारों पर आधारित शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि उन्हें और अधिक उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करती है।