पीएम मोदी के नेतृत्व वाला बजट युवाओं के भविष्य को सशक्त करेगा : पंकज सिंह

Share

कानपुर, 17 फरवरी । भारत विश्व का सबसे बड़ा युवा देश है, जहां लगभग 65 प्रतिशत जनसंख्या युवा है। इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है। यह बातें मंगलवार को कानपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पंकज सिंह ने कही।

भारतीय जनता पार्टी के युवा प्रकोष्ठ भारतीय जनता युवा मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 पर “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन कानपुर स्थित यस एन सेन महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे और केंद्रीय बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि इस बजट में स्टार्टअप, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, नवाचार, रोजगार सृजन और उद्यमिता को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का युवा वर्ग नींव की तरह कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग प्रधानमंत्री मोदी को पसंद करता है और प्रधानमंत्री मोदी भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं।

भाजपा युवा मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला बजट है। इसमें शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य बजट की जानकारी युवाओं तक पहुंचाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है।

इसके पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुमन ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, संजय बाजपेई युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, अंकित गुप्ता, रविन्द्र सिंह चौहान, परवेश कटियार, खेमराज शर्मा, शिवेंद्र सिंह मानू, क्षेत्रीय महामंत्री अमित बाथम, मनीष बाजपेई, शिखा मिश्रा, उज्जवल जायसवाल, विवेक मोदी, सचिन शुक्ला, आकाश त्रिपाठी, संदीप तिवारी, हीरों मिश्रा सहित सभी 17 जिलों के युवा मोर्चा अध्यक्ष, पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।