भाेपाल, 14 फ़रवरी । वैलेंटाइन डे के मौके पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में विरोध का असर सड़कों पर दिखाई दिया। शनिवार को चिनार पार्क के बाहर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पश्चिमी संस्कृति के विरोध में नारेबाजी की। कार्यकर्ता हाथों में लट्ठ लेकर पार्क के बाहर जमा हुए।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई जोड़ा सार्वजनिक स्थान पर “आपत्तिजनक स्थिति” में मिला तो उसका मुंडन कर विरोध जताया जाएगा। संगठन का कहना है कि वे भारतीय संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने सख्त बयान जारी करते हुए कहा कि वैलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि युवक-युवती सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक अवस्था में मिले तो उनका सिर मुंडवाकर मुंह काला किया जाएगा और विरोध स्वरूप जुलूस निकाला जाएगा। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि वैलेंटाइन डे के बहाने शहर में योजनाबद्ध तरीके से अशोभनीय गतिविधियां बढ़ाई जाती हैं, जिसका वे विरोध करेंगे।
15 निगरानी दस्ते और एक दर्जन टीमें तैनात
संस्कृति बचाओ मंच ने शहरभर में 15 निगरानी दस्ते गठित करने की घोषणा की है, जो होटल, मॉल और पार्कों पर नजर रखेंगे। वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल ने 14 फरवरी को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर करीब एक दर्जन टीमें तैनात करने का ऐलान किया है। एक दिन पहले संगठनों ने ‘दंड पूजन’ कर अपने विरोध का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया। पदाधिकारियों का कहना है कि भारतीय संस्कृति में प्रेम मर्यादा और सम्मान से जुड़ा है, जबकि पश्चिमी प्रभाव सार्वजनिक अशोभनीयता को बढ़ावा देता है।
होटल संचालकों को चेतावनी
संस्कृति बचाओ मंच ने होटल संचालकों से 14 फरवरी को विशेष आयोजन न करने की अपील की है। साथ ही युवाओं से कहा गया है कि वे वैलेंटाइन डे के बजाय अगले दिन पड़ने वाली महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करें।
पुलिस अलर्ट, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
स्थिति को देखते हुए चिनार पार्क समेत शहर के प्रमुख पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि शांति भंग करने, जबरदस्ती करने या किसी के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।