आगे चल रहे ट्रेलर में घुसी कार, महिला सहित 5 की मौत

Share

जयपुर, 14 फ़रवरी । चाकसू थाना इलाके में शनिवार सुबह सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिंगरिया मोड़ के पास हुआ। कार चालक को झपकी आने का अंदेशा है जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

चाकसू थाना अधिकारी मनोहर लाल मेघवाल के मुताबिक कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के निवासी थे और जयपुर की ओर आ रहे थे। हादसे में एक महिला समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतकों की शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।

—–