हरिद्वार, 13 फ़रवरी । लूट की झूठी कहानी गढ़ने के आरोपित को श्यामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की कार को भी सील कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक देर रात श्यामपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने 112 पर मोटरसाइकिल यूपी 11-3904 सवार दो युवकों ने उससे 10,000 रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लेने की सूचना दी। लूट की सूचना पर पुलिस में हडकंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी रविन्द्र गौड तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
लूट की सूचना देने वाले जयन्त मंमगई उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम व थाना श्यामपुर, हरिद्वार से पूछताछ की, तो वह शराब के नशे में पाया गया और अपनी क्रेटा कार यूके 08 एजे 9955 चला रहा था। पूछताछ के दौरान वह घटना के संबंध में विरोधाभासी बयान देने लगा। स्थानीय लोगों से पूछताछ और सख्ती से जांच करने पर पता चला कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी।
आरोपित ने नशे की हालत में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी सूचना देने की बात कबूली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करा कर एमवी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया।