अपर यमुना वन प्रभाग के जंगलों में लगी आग

Share

उत्तरकाशी, 13 फरवरी ।उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला स्थित अपर यमुना वन प्रभाग के जंगल एक बार फिर वनाग्नि की चपेट में आ गए हैं। नौगांव क्षेत्र के जंगलों में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार यमुनाघाटी के नौगांव में पुरोला मोटर मार्ग के सामने थली गांव की ओर जाने वाले जंगलों में भीषण आग धधक रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग तेजी से फैली और देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा लपटों में घिर गया। दूर से ही आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं।

जंगल में लगी आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया है। आसमान धुएं से ढकने के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों में धुंध जैसा माहौल बन गया है। इससे दृश्यता प्रभावित हुई है और स्थानीय लोगों को वायु प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

वनाग्नि से कई हेक्टेयर वन भूमि के जलने की आशंका है। आग की चपेट में आने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों के जीवन पर भी संकट गहरा गया है। आग और धुएं से बचने के लिए जंगली जानवर आबादी की ओर रुख कर सकते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ गया है।

इधर, डिप्टी रेंजर साधु लाल ने बताया कि वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।