धौलपुर, 13 फरवरी । भरतपुर संभाग की संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया शुक्रवार को धौलपुर पहुंचीं। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए आपसी सहयोग और समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं और बजट घोषणाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों तथा उनका लाभ वंचित और कमजोर वर्गों तक पहुंचे। उन्होंने वर्ष 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों और भवन निर्माण कार्यों में गति लाने, जलदाय विभाग को जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्रीष्मकाल में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जीएसएस परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
आयुक्त ने परियोजनाओं के प्रस्ताव से पूर्व भूमि स्वामित्व और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) संबंधी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में वित्तीय और कानूनी बाधाएं उत्पन्न न हों। उन्होंने संपर्क पोर्टल और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया।जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रशिक्षण को विस्तार से और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उपखंड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी प्रतीक्षा नानासाहेब काले सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।