छात्राओं को विज्ञान में महिलाओं की भूमिका पर किया जागरूक

Share

चंपावत, 12 फ़रवरी । महिलाओं और बालिकाओं के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चंपावत ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छात्राओं के लिए विज्ञान और तकनीक में महिलाओं की भूमिका पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान, तकनीक और शिक्षा के माध्यम से समान अवसर और सामाजिक विकास के महत्व से अवगत कराना रहा।

सचिव डीएलएसए भवदीप रावते के नेतृत्व में नेपाल सीमा से लगे राजकीय इंटर कॉलेज दशलेख में विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी, लैंगिक समानता और करियर अवसरों की जानकारी दी गई। टनकपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी के नेतृत्व में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टनकपुर में छात्राओं को विज्ञान शिक्षा, संवैधानिक अधिकार और समान अवसरों के विषय में अवगत कराया गया।

लोहाघाट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अधिकार मित्रों (पीएलवी) ने जागरूकता सत्र आयोजित कर छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और विज्ञान विषयों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों में शिक्षा का अधिकार, करियर मार्गदर्शन और विधिक सहायता से जुड़ी जानकारियां भी साझा की गईं।

डीएलएसए ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि बालिकाओं को शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।