नई दिल्ली, 11 फरवरी । घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज शुरुआती पहले घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आयशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल, मैक्स हेल्थकेयर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन कंपनी के शेयर 6.17 प्रतिशत से लेकर 1.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, ओएनजीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और ट्रेंट लिमिटेड के शेयर 2.08 प्रतिशत से लेकर 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,680 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,128 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,552 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 65.23 अंक की मजबूती के साथ 84,339.15 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक उछल कर 84,487.34 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक गिर कर 84,146.37 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मामूली खरीदारी होने के कारण इस सूचकांक की स्थिति में थोड़ा सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 72.47 अंक टूट कर 84,201.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 62.30 अंक उछल कर 25,997.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 26,009.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया, लेकिन इसके तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण निफ्टी ने अपनी सारी बढ़त गंवा दी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक लाल निशान में 25,909.85 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इसकी चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 7.75 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 25,927.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 208.17 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 84,273.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 67.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,935.15 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।