खिलाड़ी प्रतियोगिता में करें बेहतर प्रदर्शन – संजीव मागो

Share

धौलपुर, 08 फ़रवरी । धौलपुर अभिभाषक संघ के तत्वावधान में रविवार को धौलपुर बार- बेंच की खेल प्रतियोगिताओं का आगाज स्थानीय आरएसी लाईन मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरूष वर्ग में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट,केरम तथा शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो ने कहा कि मानव जीवन में खेल महत्वपूर्ण होते हैं। खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थय बेहतर होता है तथा तनाव से भी मुक्ति मिलती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने पसंदीदा खेल को खेलना चाहिए। ऐसे आयोजनों से बार और बेंच के बीच के संबंध ज्यादा मजबूत और मधुर होते हैं। एमएसीटी न्यायाधीश सुश्री प्रीति नायक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रतिवर्ष होने चाहिए। इससे मानसिक स्ट्रेस से मुक्ति मिलती है और शारीरिक क्षमता का विकास होता है। खिलाड़ियों को इन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि पहली बार इतने बड़े स्तर पर जिले की सभी बार और बेंच के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है । जिसमें अधिवक्ताओं के साथ न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इस प्रकार के आयोजन प्रतिवर्ष होते रहे। संघ के महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कोर्ट मेनेजर बृजेश शर्मा, मुंसरीफ राजीव शर्मा, अभिभाषक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी, पुस्तकालय सचिव प्रशांत बघेल, कीर्ति राजावत , इंद्रा शर्मा एवं बीनू शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। संचालन रंजीत दिवाकर ने किया।