उधमसिंहनगर, 07 फ़रवरी । केलाखेड़ा में हाईवे पर सड़क की मरम्मत कार्य चल रहा है, ऐसे में यहां ट्रैफिक वन वे किया गया है। आज शनिवार को यहां डंपर की टक्कर से दो कारें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। दोनों कारों में सात लोग सवार थे, सभी इस घटना में घायल हो गउ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और नागरिकों ने घायलों को निजी वाहन और एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटवाया और जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। हाईवे पर हो रही दुर्घटनाओं से आहत स्थानीय लोगों के साथ फिदा नगर चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर एनएचआई और कार्यदाई संस्था के अधिकारियों पर दुर्घटनाओं की अनदेखी के आरोप लगाए। मौके पर पहुंचे एनएचआई की कार्यदाई संस्था के अधिकारी द्वारा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कार्यवाही के आश्वासन देने पर प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया।