जोधपुर, 07 फरवरी । ऑल इण्डिया मारवाड़ी हॉर्स सोसायटी, जोधपुर व मारवाड़ी हॉर्स बुक रजिस्ट्रेशन सोसायटी ऑफ इण्डिया के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व नरेश गजसिंह के मुख्य संरक्षण में महाराजा गज सिंह स्पोर्ट्स फाउण्डेशन पोलो ग्राउण्ड, महाराजा उम्मेदसिंह एयरपोर्ट रोड पाबूपुरा पर दो दिवसीय 11वां मारवाड़ हॉर्स शो आज से शुरू हुआ। इस हॉर्स शो में देशभर से मारवाड़ी अश्व आए है।
ऑल इंडिया मारवाड़ी हॉर्स सोसायटी व मारवाड़ी हॉर्स स्टड बुक रजिस्ट्रेशन सोसायटी ऑफ इण्डिया जोधपुर के सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि आज सुबह शो का उद्घाटन समारोह गजसिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में अश्वों के साथ मार्च पास्ट, सामूहिक लोक नृत्य, लंगा व मांगणियार की स्वर लहरियां, मेहरानगढ़ बैण्ड, बीएसएफ बैण्ड, सुन्दर बैण्ड व पुलिस लाइन बैण्ड की सुमधुर धुनों के साथ शो का रंगारंग शुभारंभ हुआ। मारवाड़ हॉर्स शो में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु व कर्नाटक सहित अनेक राज्यों के मारवाड़ी अश्व भाग ले रहे है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों की पहचान व गुणवत्ता को बनाये रखने का प्रयास है। गजसिंह द्वारा मारवाड़ी नस्ल की पहचान को बनाए रखने के लिए व संरक्षण के लिए निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। उनके संरक्षण में यह 1 1वां आयोजन हो रहा है। मारवाड़ हॉर्स शो में आज जजिंग रिंग- अदंत बछेरी, अदंत बछेरी एफएस (फाउंडेशन स्टॉक) दो दांत बछेरी जजिंग रिंग हुई।
इसके साथ ही कोल्ट मिल्क टीथ, कोल्ट मिल्क टीथ एफएस, कोल्ट 2 टीथ जजिंग रिंग भी हुई। अगले दिन आठ फरवरी को सुबह 9.30 से 11 तक प्रजजन घोडिय़ों की जजिंग रिंग, 11 से दोपहर 12.30 तक शो जंपिंग, मारवाड़ी अश्वों की ड्रेसाज प्रस्तुति, दोपहर 1.30 से 3.30 बजे तक नर घोड़ा (स्टेलियन) जजिंग रिंग, बेस्ट अश्व प्रतियोगिता, हैक्स लेडिज हैक्स ओपन प्रतियोगिता, 3.30 से चार तक टैंट पेगिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार सांय चार बजे आयोजित होगा।
आठ श्रेणियों में नर घोड़ा एवं प्रजनन योग्य घोडिय़ों की श्रेणी में प्रथम आने वाले अश्व को एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार व कप प्रदान किया जाएगा। द्वितीय व तृतीय आने वाले अश्व को 51 व 21 हजार की नगद राशि प्रदान की जाएगी।