वाराणसी, 07 फरवरी (हि. स.)। वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को (15159) छपरा दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस और (15130) वाराणसी सिटी गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के रद्द होने से यात्रियों को बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ा।
वाराणसी से देवरिया तक का सफर करने के लिए सिटी स्टेशन पहुंचे विमल तिवारी ने बताया कि आज के दिन उन्हें एक परीक्षा में बैठने के लिए देवरिया पहुंचना था। ट्रेन के रद्द होने के कारण अब वह आनन फानन में बस पकड़ कर जाएंगे। इसी तरह मऊ जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा करने आए खालिद और उनके परिवार के लोगों ने बताया कि ट्रेन रद्द हो जाने के कारण अब उन्हें दूसरे साधन से मऊ जाना पड़ेगा। इस दौरान टिकट ले चुके यात्रियों को खास परेशानी हुई, उन्होंने कहा कि अचानक से ट्रेनों के रद्द होने से उन्हें टिकट का वापसी मूल्य देना पड़ता है।