काठमांडू, 03 फरवरी । निर्वाचन आयोग ने पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तुत समानुपातिक प्रतिनिधित्व की बंद सूची से 76 उम्मीदवारों के नाम हटाने का निर्णय लिया है।
आयोग ने कहा कि उम्मीदवारों का विवरण सत्यापित करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। हटाए गए उम्मीदवारों में से 21 उम्मीदवार क्रेडिट इन्फॉर्मेशन ब्यूरो नेपाल (सीआईबी नेपाल) की ब्लैकलिस्ट में पाए गए। इसके अलावा, 25 उम्मीदवार ऐसे पाए गए जिनके नाम एक साथ प्रांतीय सभा सदस्यता की समानुपातिक बंद सूचियों में भी शामिल थे।
इसी तरह, आयोग द्वारा लगाए गए जुर्माने का भुगतान न करने वाले 10 उम्मीदवारों, न्यूनतम 25 वर्ष की आयु पूरी न करने वाले चार उम्मीदवारों तथा मतदाता नामावली में नाम दर्ज न होने वाले एक उम्मीदवार का नाम भी सूची से हटाया गया है। इसके अतिरिक्त, दो उम्मीदवार ऐसे पाए गए जो पिछड़े क्षेत्र से संबंधित नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें उसी श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया था। एक पुरुष उम्मीदवार का नाम महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित कोटे में शामिल किया गया था।
वहीं, संबंधित राजनीतिक दलों के अनुरोध पर 10 उम्मीदवारों के नाम हटाए गए हैं। आयोग ने बताया कि दो उम्मीदवारों को एक से अधिक कारणों के आधार पर अपात्र घोषित किया गया है।