मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

Share

शुक्रवार को सरगुजा जिले के मैनपाट व बलरामपुर जिले के सामरी पाट का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया है। मैनपाट समेत अन्य पाट क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह ओस की बूंदे जमीं दिखीं। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। जबकि अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि उत्तर दिशा से शुष्क हवाओं के आने का क्रम जारी है। इस वजह से पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम और बेमेतरा जिले में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही गौरेला-पेंडा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सरगुजा जिले में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा है ।

छत्तीसगढ़ का सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, यहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो रायपुर में 8.3, बिलासपुर में 10.7, पेंड्रा रोड में 7 डिग्री, जगदलपुर में 9.5, दुर्ग में 9 डिग्री और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन दिन शीतलहर चल सकती है। सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा बिलासपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इसके बाद आने वाले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।