पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी को बनाया मेयर उम्मीदवार

Share

सुबह से ही जवाहर नगर रोड नंबर 15 के सामने एनएच किनारे स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ लगने लगी थी। जैसे ही बन्ना गुप्ता और उनकी पत्नी वहां पहुंचे, “कांग्रेस जिंदाबाद” और “मानगो की मेयर सुधा गुप्ता” के नारे पूरे परिसर में गूंज उठे। कार्यकर्ताओं ने दंपती को फूल-मालाएं पहनाकर और गुलदस्ते भेंटकर उनका स्वागत किया। वर्षगांठ के मौके पर बन्ना और सुधा गुप्ता ने केक काटा और उसे अपने समर्थकों में बांटा। इसके बाद कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।

दावेदारी की घोषणा करते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि मानगो क्षेत्र हमेशा से उनकी प्राथमिकता रहा है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी और जनता का निर्णय सर्वोपरि रहेगा, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि सुधा गुप्ता मानगो के विकास में नई भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव में एकजुट होकर मेहनत करने और सुधा गुप्ता को विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस घोषणा के बाद मानगो की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और चर्चा का केंद्र अब सुधा गुप्ता की उम्मीदवारी बन गई है।