यह पूरा मामला बिजनौर कोतवाली शहर क्षेत्र का है। 16 नवंबर की रात को एक शादी समारोह में कुछ लोगों ने वकील अंकुर गौड़ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमलावरों ने उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की थी। अंकुर गौड़ बार में संयुक्त सचिव लाइब्रेरी के पद पर कार्यरत हैं।
पीड़ित वकील अंकुर गौड ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह और महासचिव विशाल अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों वकील इकट्ठा हुए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज करने और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वकीलों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए जजी चौराहे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगाए रखा। जाम की सूचना मिलने पर सीओ सिटी संग्राम सिंह और इंस्पेक्टर क्राइम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित वकीलों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया,जिसके बाद सड़क पर लगा जाम खुलवाया गया। इस दौरान राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन में उपाध्यक्ष मुनेश चाहल, ज्वाॅइंट सेक्रेटरी आशीष तोमर, मनोज सेठी, कोमल सिंह,विक्रांत चौधरी, मोहित मलिक, सचिन चौधरी और अनुज सहित कई अन्य वकील भी मौजूद थे।