उन्होंने बताया कि प्रवक्ताओं के चयन के लिए ‘नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम पूरे देश में चलाया जा रहा है और झारखंड में इसकी शुरुआत आज से हो गई है। यह प्रक्रिया पूरा दिसंबर तक चलेगी। इस अवसर पर टैलेंट हंट से जुड़ा पोस्टर भी जारी किया गया।
झारखंड को 7 जोन में बांटा गया
कांग्रेस ने नए प्रवक्ताओं की चयन प्रक्रिया के लिए पूरे झारखंड को 7 जोन में विभाजित किया है। पहला जोन में पलामू, दूसरा में कोल्हान, तीसरा में देवघर, चौथा जोन में दुमका और जामताड़ा, पांचवां में साहेबगंज, गोड्डा और पाकुड़, छठा में रामगढ़, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग, जबकि आठवें जोन में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और दक्षिणी छोटानागपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं।
कौन कर पाएगा आवेदन?
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ने बताया कि इस पूरी चयन प्रक्रिया में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, वैचारिक प्रतिबद्धता, राजनीतिक जागरूकता, तेज और स्पष्ट प्रतिक्रिया क्षमता, शुद्ध भाषा और बेहतर संचार कौशल, इतिहास का अच्छा ज्ञान, मीडिया में सहज उपस्थिति, तथ्यों के साथ जनता तक बात रखने की क्षमता रखने वालों का चुनाव क्षेत्रीय एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। संगठन सृजन के तहत चल रहे कार्यक्रम के अंतर्गत इस सांगठनिक प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा।
प्रक्रिया होगी पूरी तरह पारदर्शी
कार्यक्रम के पूर्वी क्षेत्र (ओडिशा, बिहार, झारखंड, बंगाल) के प्रभारी और एआईसीसी प्रवक्ता अतुल लोधे पाटिल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं की खोज करना है जो संविधान, प्रस्तावना, संस्कृति और राजनीति की समझ रखते हों। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रतिभाशाली लोगों को जोड़ने के लिए यह एक स्वतंत्र मंच है,जहां प्रवेश के लिए किसी नेता की सिफारिश जरूरी नहीं है। प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एनजीओ, सिविल सोसाइटी और मीडिया जगत के लोग भी इससे जुड़े रहेंगे।
संवाददाता सम्मेलन में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, कमल ठाकुर और गजेंद्र सिंह उपस्थित थे।
———-