सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी शिवपूजन बहेलिया ने बताया कि मनोज यादव की पत्नी रिंकी देवी गत 26 सितंबर की दोपहर से लापता हो गई थी। खोजबीन के बाद 27 सितंबर को गांव के बगल में स्थित जंगल में महिला का शव बरामद हुआ था। मनोज यादव के आवेदन के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज कर पूरे मामले की अनुसंधान आरंभ कर दी थी। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को कुछ साक्ष्य मिले ,जिसके आधार पर लक्ष्मण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान लक्ष्मण यादव ने अपने अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। आरोपित ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को महिला जंगल में दातून तोड़ने गई थी इस दौरान उसने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। महिला ने जब घटना की जानकारी गांव वालों को देने की धमकी दी तो उसने कुल्हाड़ी से मारकर महिला की हत्या कर दी थी।
डीएसपी ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।