डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह मामला कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड गांव का है। जहां अशोक कुमार रविवार (28 सितंबर) सुबह करीब आठ बजे घर से मजदूरी के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसका अपने भतीजे सुखबिंदर से सामना हो गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते सुखबिंदर ने जेब से चाकू निकाला और अशोक कुमार पर वार कर दिए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हाल ही में अशोक कुमार ने सरकारी योजना के तहत नया मकान बनाया था और वह अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ वहीं रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। फोरलेन में जमीन आने पर मुआवजे को लेकर भी रिश्तेदारों में तनातनी रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि अशोक कुमार ने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। बावजूद इसके विवाद शांत नहीं हुआ और आखिरकार रविवार को इसने खौफनाक रूप ले लिया।